Featured

डॉ टी. महादेव राव राष्ट्रीय हिन्दी लेखक पुरस्कार से सम्मानित

डॉ टी. महादेव राव

प्रख्यात स्थानीय हिन्दी लेखक, कवि, हिन्दी साहित्य कार्यक्रमों के आयोजक, हिन्दी साहित्य संस्था सृजन के स्थापक सचिव, एच पी सी एल – विशाख रिफाइनरी के उप प्रबन्धक – राजभाषा डॉ टी महादेव राव को केन्द्रीय हिन्दी निदेशालय, मानव संसाधन मंत्रालय, भारत सरकार के एक लाख रुपये के राष्ट्रीय हिंदीतर हिन्दी लेखक पुरस्कार से सम्मानित किया जा रहा है। यह पुरस्कार वर्ष 2009 के लिए डॉ महादेव राव की कविता कृति विकल्प की तलाश में हेतु दिया जा रहा है।

डॉ टी महादेव राव की अब तक 6 हिन्दी पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं जिनमें तीन कविता संकलन, एक शोध प्रबंध, एक लघुकथा संग्रह तथा एक लेख संकलन हैं। तीन और पुस्तकें प्रकाशन हेतु तैयार हैं। डॉ राव ने अब तक लगभग 350 कवितायें, 70 लघुकथाएँ, 50 कहानियाँ, 130 विविध समीक्षाएं, लेख तथा 90 अनूदित कवितायें रचीं, जो की देश की विविध पत्र, पत्रिकाओं में छपीं। आकाशवाणी रायपुर, अंबिकापुर तथा विशाखापटनम द्वारा डॉ महादेव राव ने 65 कार्यक्रमों जिनमें कविता, कहानी और आलेख वार्ता पाठ शामिल हैं, का प्रसारण किया।

एक उत्साही सक्रिय हिन्दी सेवी और कार्यकर्ता डॉ टी महादेव राव जो कि हिन्दी के दोनों रूपों यथा साहित्य और राजभाषा में समान रूप से अधिकार रखते हैं और दोनों क्षेत्रों में लोगों को प्रोत्साहित करने में लगे हैं। 12 वर्ष पहले अपने साथी साहित्यिकों के साथसाहित्य संस्था सृजन की स्थापना की और अभी भी यहा संस्था विशाखापटनम में हर माह कार्यक्रमों के साथ सक्रिय रूप से कार्य करती एक मात्र संस्था है। पिछले 22 वर्षों से डॉ टी महादेव राव एच पी सी एल विशाख रिफाइनरी में उप प्रबन्धक राजभाषा के रूप में कार्य करते हुये विशाखापटनम नगर में हिन्दी के राजभाषा रूप को भी लगातार आगे बढ़ाने में पूरी तरह से सक्रिय हैं।

Comments