Featured

शास्त्रीय गायिका रूपान सरकार


चित्तौडग़ढ़  बनारस घराने की प्रख्यात शास्त्रीय गायिका रूपान सरकार ने गुरुवार को आदित्य बिडला पब्लिक स्कूल में प्रस्तुतियां दी। स्पिक मैके के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में गिरिजादेवी की शिष्या, संगीत प्रभाकर व संगीत विशारद रूपान सरकार ने प्रस्तुति का आरंभ राग तोड़ी के साथ किया। उन्होंने बताया कि यह सुबह का राग है। इसके पश्चात ठुमरी व मिश्र काफी में टप्पा ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। चैत्र महीने में विरह को दर्शाती चैती, दादरा में उनकी प्रस्तुति श्याम क्या जादू कर डाला। कजरी में प्रस्तुति झिरझिर बरसे सावन, होली का स्मरण कराता होली गीत होली खेलो री... ईश्वर से जोड़ता भैरवी में गाये भजन के साथ किया। इस प्रस्तुति के बाद सरकार ने उपस्थित श्रोताओं की जिज्ञासाओं को शांत किया। उन्होंने दादरा व ठुमरी के अंतर को, चैती, कजरी, होली-गीत व झूला की प्रस्तुति के अंतर को तथा राग व तबले में सामंजस्य को स्पष्ट किया।इससे पूर्व रूपान सरकार का स्पिक मैके राजस्थान के संयुक्त समन्वयक जेपी भटनागर ने स्वागत किया। तबला वादक आशीष सेन का स्वागत डाईट प्राचार्य मीना राघानी ने किया। हारमोनियम वादक राजेन्द्र प्रसाद बनर्जी का स्वागत अर्शिया रहमान ने किया। प्रधानाध्यापिका शर्ली वाज, प्राचार्य जीएस माथुर, संगीत अध्यापक कैलाश गंधर्व ने कलाकारों का स्वागत किया। संयोजन संतोषकंवर व आइलीन प्रिया ने किया। 

समाचार सौजन्य-दैनिक भास्कर 

Comments