Featured

अजय प्रकाश को पहला अनिल सिन्हा स्मृति सम्मान


अनिल सिन्हा स्मृति समारोह 25 फरवरी को

लखनऊ
अजय प्रकाश जी 
20 फरवरी। युवा पत्रकार व ‘जनज्वार’ वेबसाइट के संचालक अजय प्रकाश को पहले अनिल सिन्हा स्मृति पुरस्कार के लिए चुना गया है। इस समय अजय प्रकाश राष्ट्रीय हिन्दी पाक्षिक पत्रिका ‘द पब्लिक एजेण्डा’ में वरिष्ठ संवाददाता के पद पर कार्यरत हैं।अजय प्रकाश का चुनाव उनकी जनपक्षधर पत्रकारिता, हाशिए पर पड़े समाज की सच्चाई को सामने लाने, माओवादी आंदोलन, सिमी व कश्मीर में फर्जी इनकांउटर जैसे ज्वलंत मुद्दों पर उनकी खोजी रिपोर्टिंग के लिए किया गया है। उन्हें यह पुरस्कार 25 फरवरी को लखनऊ में आयोजित पहले अनिल सिन्हा स्मृति कार्यक्रम में दिया जायेगा। यह समारोह लखनऊ के भारतेन्दु नाट्य अकादमी, गोमतीनगर के थ्रस्ट सभागार में दिन के दो बजे से होगा तथा शाम सात बजे तक चलेगा।

इस कार्यक्रम में मशहूर स्कॉलर, कला, थियेटर व फिल्म आलोचक समिक बंद्योपाध्याय  पहला अनिल सिन्हा स्मृति व्याख्यान देंगे। भारत व बांग्ला देश में एथिनोम्यूजिकोलोजिकल रिसर्च से जुड़ी कलाकार व गायिका मौसमी भौमिक इस मौके पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करेंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता हिन्दी के वरिष्ठ व चर्चित कवि आलोक धन्वा करेंगे। कार्यक्रम में प्रसिद्ध चित्रकार व संस्कृतिकर्मी अशोक भौमिक की पुस्तक ‘भारतीय चित्रकला: हुसैन के बहाने’ का लोकार्पण भी होगा। अनिल सिन्हा मेमोरियल फाउण्डेशन द्वारा आयोजित इस समारोह में ज्ञानरंजन, वीरेन डंगवाल, मंगलेश डबराल, आनन्द स्वरूप वर्मा, अजय कुमार आदि भी भाग लेंगे और ये अनिल सिन्हा की रचनाधर्मिता पर बोलेंगे तथा संस्मरण सुनायेंगे।

कौशल किशोर
अनिल सिन्हा मेमोरियल फाउण्डेशन
3/30, पत्रकारपुरम, लखनऊ - 226017
फोन: 0522 2392057, 08400208031, 09807519227 

Comments